नेशनल हाईवे से गुजरने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें पिलखुवा में दिन में रोज बार बार लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जायेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जाम से निजात दिलाने के लिए एलिवेटेड कॉरिडॉर का निर्माण कराने का निर्णय लिया है। एलिवेटेड कॉरिडॉर छह लेन का होगा।
देश की राजधानी से प्रदेश की राजधानी को मिलाने वाले नेशनल हाईवे पर पिलखुवा में रोज जाम लगता रहता है। ऐसे में जाम में फंसकर लोगों को परेशान होना पड़ता है। यहां के व्यापारियों में भी मतभेद था। कोई यहां एलिवेटेड कॉरिडॉर का निर्माण होने की बात कह रहा था तो सड़क के चौड़ीकरण होने का अनुमान लगा रहा था।
पूर्व में परेशान पिलखुवा के व्यापारियों के दल ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अनिल तोमर और सपा नगर अध्यक्ष ज्ञानेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारका नई दिल्ली के दफ्तर में जाकर जानकारी की तो उन्होंने एलिवेटेड कॉरिडॉर के निर्माण होने की बात बताई।
अब व्यापार मंडल के पास पत्र के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त हो गई है। जिसमें साफ कहा गया है कि पिलखुवा में जाम से निजात दिलाने के लिए एलिवेटेड कॉरिडॉर बनाने का फैसला लिया गया है। प्राधिकरण एक्सप्रेस वे के महाप्रबंधक राजीव यादव ने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पिलखुवा में एलिवेटेड कॉरिडॉर बनाने का फैसला हुआ है।
एलिवेटेड कॉरिडॉर को स्टैंडिंग कोस्ट कमेटी की बैठक पांच अगस्त 15 को मंजूदी दी जा चुकी है। पिलखुवा में दोनों तरफ दो लेन सर्विस रोड के साथ छह लेन एलिवेटेड कॉरिडॉर के निर्माण कराने का प्रस्ताव है। यहां एलिवेटेड कॉरिडॉर के निर्माण से जाम नहीं लगेगा और मकान, दुकान भी नहीं टूटेंगी।