हापुड़। यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होने वाली है। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 28524 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले के परीक्षा केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। 40 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की निगरानी को कंट्रोल रूम में कंप्यूटर लगाए गए हैं। यहां शिक्षक व कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। प्रत्येक कंप्यूटर से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। नेटवर्क की समस्या से निपटने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है।
किसी भी केंद्र पर गड़बड़ी दिखी तो, कंट्रोल रूम पर तैनात शिक्षक या कर्मचारी द्वारा उसे रजिस्टर में नोट किया जाएगा। समय-समय पर जिला स्तरीय और बाहर से आने वाले अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों समेत कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे।
परिचय पत्र के साथ नजर आएंगे कक्ष निरीक्षक
बोर्ड परीक्षा में डयूटी पर लगाए गए कक्ष निरीक्षकों को परिचय पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा प्रमाण के लिए कक्ष निरीक्षकों को आधार कार्ड रखना अनिवार्य होगा। केंद्रों की निगरानी के लिए एचडी क्वालिटी में नाइट विजन कैमरे लगाए जा रहे हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा एक नजर में
कुल केंद्र-40
10वीं के पंजीकृत छात्र14662
12वीं के पंजीकृत छात्र13862
कोट -
नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। कंट्रोल रूम से समस्त केंद्रों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। - डॉ.विनीता, जिला विद्यालय निरीक्षक।