जर्जर सड़क का निर्माण नहीं होने से परेशान चंडी मंदिर कॉलोनी के लोगों का गुस्सा मंगलवार दोपहर फूट पड़ा। कॉलोनी के लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल सड़क का निर्माण शुरू करवाने की मांग की।
मंगलवार दोपहर चंडी मंदिर कॉलोनी के लोग एकत्रित हुए और सड़क निर्माण नहीं होने पर नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है।
सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी लग जाता है। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। इससे पहले भी कई बार सड़क निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है,लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
प्रदर्शन करने में वालों में तुषार, मंगू, प्रिंस, सोनी, गौरव, विशाल, ओमप्रकाश, नंदलाल, उमेश, सुनील, अंकुर, हरीश, राजेंद्र, हसरु शामिल रहे। इस संबंध में पालिका ईओ हेमराज ने कहा कि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।