गढ़ रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में मंगलवार को कनेक्टिविटी गायब रहने पर भड़के ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि बैंक में आए दिन इस तरह की समस्या रहती है।
प्रबंधक के आश्वासन पर लोग शांत हुए। करीब दो घंटे बाद कनेक्टिविटी बहाल हुई। गढ़ रोड स्थित स्टेट बैंक की शाखा में आए दिन कनेक्टिविटी गायब रहने से ग्राहक परेशान रहते हैं। कनेक्टिविटी न होने से ग्राहकों को लेनदेन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।
मंगलवार को भी सैकड़ों ग्राहक पैसों की निकासी, जमा करने के लिए बैंक पहुंचे थे, लेकिन कनेक्टिविटी न होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। इससे गुस्साए ग्राहकों ने बैंक अफसरों के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ता देख प्रबंधक ने किसी तरह लोगों को शांत किया। करीब दो घंटे बाद नेटवर्किंग सेवा बहाल होने पर ग्राहकों ने राहत की सांस ली।
जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक एपी चतुर्वेदी ने बताया कि ऊपर से ही नेटवर्किंग समस्या थी। इसी के चलते ग्राहकों को परेशानी हुई। तकनीकी टीम को बुलाकर समस्या को दूर किया गया।