नामांकन के पहले दिन मंगलवार को कलक्ट्रेट में किसी भी दल के प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। हालांकि, 18 नामांकन फार्म की बिक्री हुई। इस दौरान पुलिस फोर्स पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दी।
उच्चाधिकारियों ने भी पल-पल पर अपनी नजर बनाए रखी। एसपी ने कलक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंगलवार को कड़कड़ाती ठंड के बीच सुबह से ही सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी कलक्ट्रेट में पहुंच गए।
कलक्ट्रेट के दोनों गेटों पर पुलिस बल तैनात कर उसे सील कर दिया गया। कलक्ट्रेट परिसर में मौजूद नगर पालिका, डायट व दूसरे कार्यालयों के कर्मचारियों को भी पहचान पत्र दिखाकर ही एंट्री दी गई। बाकी लोगों को बाहर ही रोक दिया गया।
नामांकन के पहले दिन कोई भी प्रत्याशी नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट नहीं पहुंचा। नामांकन कक्ष खाली पड़े रहे। अभी एक दो दिन नामांकन की स्थिति सूनी रहने की उम्मीद है।
वहीं, पहले दिन हापुड़ सीट के लिए सात, गढ़ सीट के लिए छह व धौलाना सीट के लिए पांच नामांकन पत्रों सहित कुल 18 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें हापुड़ सीट से कांग्रेस के गजराज सिंह, बसपा से श्रीपाल, धौलाना सीट से रमेश चंद तोमर,
गढ़ सीट से सपा के मदन चौहान, बसपा के प्रशांत चौधरी जबकि, सतपाल सिंह यादव व राजेंद्र कुमार की पत्नी अमृता कुमार ने भी नामांकन पत्र खरीदा। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि प्रशासन नामांकन को लेकर पूरी तरह तैयार है। पहले दिन 18 नामांकन फार्म की बिक्री हुई, कोई नामांकन नहीं हुआ।
चुनावी बिगुल बजते ही पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गई है। पुलिस ने सतर्कता की दृष्टि से शहर में प्रवेश करने वाले मार्गेां की नाकाबंदी कर दी है। साथ ही उन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ है।
चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखने को जिले में नौ स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जारही है। शहर में प्रवेश करने वाले दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। दिल्ली रोड स्थित आनंद विहार के समीप व बुलंदशहर रोड स्थित
सामिया गार्डन के समीप सीओ गढ़ सतीश पांडेय व सीएफओ अनिमेष सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कई वाहनों पर लगे झंडे, बैनर और हूटर उतरवाए।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि चुनाव के बीच शांति व्यवस्था बरकरार रखने के लिए जिले के बॉर्डर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी पुलिस कर्मी द्वारा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।