हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान- 2021 की आपत्तियों का एनसीआर बोर्ड ने निस्तारण कर दिया है। प्राधिकरण अफसरों के मुताबिक अब जल्द ही मास्टर प्लान शासन से स्वीकृत हो जाएगा ।
मास्टर प्लान 2021 के स्वीकृत होने के बाद शहर को सात जोन में बांटकर उसका विकास कराया जाएगा। हापुड़, पिलखुवा और गढ़मुक्तेश्वर का मास्टर प्लान 2021 वर्ष 2007-08 में बनना शुरू हुआ था।
पिलखुवा और गढ़मुक्तेश्वर का मास्टर प्लान छह साल पहले स्वीकृत भी हो चुका है, लेकिन हापुड़ का मास्टर प्लान नया जिला बनने के चलते 2011 में अटक गया था। एनसीआर बोर्ड ने मास्टर प्लान पर जिले के अफसरों के आवास और ऑफिस बनाने के नाम पर आपत्ति जता दी थी।
इसे देखते हुए शासन ने फाइल लौटा दी थी। प्राधिकरण ने एनसीआर बोर्ड से आपत्तियों के निस्तारण करवा कर फाइल दोबारा शासन को भेज दी है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि हापुड़ के मास्टर प्लान 2021 में शासन से दो आपत्तियां लगी थीं
जिन्हें निस्तारित कर दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द इसे शासन की स्वीकृति मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि मास्टर प्लान 2021 लागू होने से शहर का चहुमुंखी विकास होगा। शहर को सात जोन में बांटकर विकास कार्य कराए जाएंगे।