शुक्रवार दोपहर दो बजे से एनएच-24 पर डायवर्जन होने के बाद भी तीनों जनपदों की पुलिस के आपसी समन्वय नहीं होने के चलते हाईवे पर भारी वाहन चलते नजर आए।
बता दें कि डीआईजी केएस इमेनुअल ने तीनों जनपदों की पुलिस को सख्त निर्देश दिए थे कि हाईवे पर सख्ती के साथ डायवर्जन लागू कराया जाए। जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
वहीं, हाईवे पर भारी वहनों के चलने के कारण मेला स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को पेरशानी का सामना करना पड़ा। अमर उजाला टीम ने शुक्रवार को हाईवे पर कुछ स्थानों पर लाइव किया।
शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे-स्याना चौपला के ओवरब्रिज के नीचे श्रद्धालुओं से भरीं कई भैंसा-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी थीं। हाईवे पर भारी वाहनों के आवागमन बंद नहीं होने के चलते उन्हें मेला स्थल की ओर जाने का माौका नहीं मिल पा रहा था।
स्याना के राजपाल का कहना था कि रास्ते में भारी वाहन चल रहे हैं कि कई जगह दुर्घटना होने से बाल-बाल बचे हैं। साढ़े तीन बजे-नेशनल हाईवे से बदरखा मोड़ होकर गढ़ को आ रहे रास्ते पर बड़े वाहनों का पहिया नहीं थमा था।
सिंहानी के निशांत, हापुड़ के सुखबीर, गुलावठी के अनुज का कहना था कि हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद न होने से यहां तक आने में जोखिम उठाना पड़ा है।
शाम साढ़े चार बजे-शाहपुर मोड़ के पास मेरठ रोड पर लोडेड ट्रेक इतनी तेज गति में जा रहा था कि मेले को आ रहे लोग भैंसा-बुग्गी को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। अचानक झटका लगने पर बुग्गी में सवार महिला-बच्चे सहम उठे।
रूट डायवर्जन पर सख्ती के साथ अमल कराया जा रहा है। लापरवाही अथवा चूक होने पर बरतने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - अलंकृता सिंह, एसपी हापुड़