हापुड़। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। जुलाई के दूसरे सप्ताह में पहली मेरिट जारी होने की संभावना है। एडेड कॉलेजों में प्रवेश पाना छात्रों की पहली पसंद है। 27 जुलाई तक प्रवेश संबंध प्रक्रिया पूर्ण करने की तैयारी है। कॉलेजों ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
समर्थ पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया जारी है। इस बार तीन से चार मेरिट के माध्यम से पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जबकि खाली सीटें रहने पर पंजीकरण और मेरिट के अतिरिक्त विकल्प भी खोले जाएंगे। बता दें कि एडेड सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन तो खूब आ रहे हैं लेकिन बहुत से निजी कॉलेजों में प्रवेश को लेकर छात्र दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।
विश्वविद्यालय पंजीकृत छात्रों का डाटा विभागों और संबद्ध कॉलेजों को उपलब्ध कराएगा। इसी आधार पर मेरिट और प्रतीक्षा सूची तैयार होगी। कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया संबंधित संस्थान स्वयं पूरी करेंगे, जबकि विश्वविद्यालय केवल मेरिट जारी करने और समय सीमा निर्धारित करने की भूमिका निभाएगा।
प्रत्येक छात्र को अधिकतम तीन कॉलेज या विभाग चुनने का विकल्प दिया गया है। अधिकांश आवेदन एडेड और राजकीय कॉलेजों में बीए, बीकाम, बीएससी और बीएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रमों के लिए आए हैं। ऐसे में निजी कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने की आशंका है।
निजी कॉलेज कर रहे छात्रों को रिझाने का प्रयास
पिछले साल भी कई निजी कॉलेजों में सीटें 30 फीसदी तक भी नहीं भर सकी थीं। ऐसे कॉलेज गांव, शहर पहुंचकर छात्रों से संपर्क साध रहे हैं। कोर्स की विशेषता और रोजगार का सपना दिखाकर, रुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
कोट
स्नातक कोर्सों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय से जिस तरह की अधिसूचना प्राप्त होगी। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया तेज कर दी गई है। - प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज