गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में शाहपुर रोड स्थित मध्य गंगनहर में बुधवार को कार पलटने से जनपद मेरठ के गांव असीलपुर निवासी साजिद की मौत हो गई। वहीं, उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मेरठ जनपद के गांव असीलपुर निवासी साजिद अली अपने भाई अनवार के साथ कार में सवार होकर गढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार शाहपुर रोड के पास मध्य गंगनहर की पटरी पर पहुंची तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी और पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय नहर में पानी नहीं था, अन्यथा नुकसान और भी हो सकता था।
कार पलटने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने साजिद अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि, अनवार का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया घायल का उपचार जारी है।