मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव का सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव द्वारा पार्टी से निष्कासन रद्द किए जाने की खबर से सपाइयों में खुशी फैल गई। कुछ घंटे सपा कार्यकर्ताओं को बेहद तनाव वाले रहे।
निष्कासन रद्द होते ही नगर में कार्यकर्ताओं ने ढोल नंगाडे़ व मिठाई बांटकर हर्ष जताया। सपा में टिकट बंटवारे को लेकर कई दिन से चल रहे विवाद ने शुक्रवार को जो रुख इख्तियार किया, उससे कार्यकर्ता हैरान थे।
असमंजस और आक्रोश के बीच कार्यकर्ताओं के लिए कुछ घंटे काफी तनाव भरे रहे। ऐसे में शनिवार को पार्टी के फैसले कुछ राहत भरे जरूर रहे। शनिवार दोपहर बाद निष्कासन वापस होने के बाद कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली।
सपा प्रत्याशी तेजपाल प्रमुख ने कहा कि जो कुछ हुआ वह एक दुस्वपन था। कार्यकर्ता इसे भूलकर एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। कोई कार्यकर्ता किसी से नाराज भी है तो सड़कों पर प्रदर्शन न करें।
व्यापारी नेता संजय अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री का निष्कासन रद्द होने से पार्टी मजबूत हुई है। इससे पूर्व सपा में दो फाड़ की आशंका के बीच हापुड़ से सपा नेता पंकज त्यागी, संजय गहलौत समेत दर्जनों कार्यकर्ता बीती रात को लखनऊ के लिए रवाना हो गए थे।
मुख्यमंत्री का निष्कासन रद्द होने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल छा गया। मंडी पक्का बाग में व्यापारी व सपा नेताओं ने ढोल नंगाड़ों पर जमकर जश्न मनाया व एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस मौके पर सभासद अनुज गर्ग, सनी त्यागी, अमित, कपिल अग्रवाल, चौधरी शीशपाल, मरगूब त्यागी, ताहिर, अजय त्यागी, सचिन वर्मा, रामपाल जाटव आदि ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई