अब तक महापुरुषों के फोटो लगे डाक टिकट ही आपने देखा होगा लेकिन अब आप अपनी फोटो भी डाक टिकटों पर छपवा सकते हैं। इसके लिए डाक विभाग ने माई स्टैंप योजना शुरू की है। इस योजना के तहत इच्छुक व्यक्ति महज 240 रुपये का शुल्क अदा कर अपनी इस हसरत को पूरी कर सकता है।
दरअसल, वर्तमान में डाक विभाग अपनी वजूद को बचाने के लिए मशक्कत कर रहा है। इसलिए अपने प्रचार-प्रसार के लिए कई आकर्षक योजनाएं लेकर आया है। इसी के तहत माई स्टैंप योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत डाक टिकट पर अपनी फोटो छपवाने वाले को प्रधान कार्यालय से माई स्टैंप आर्डर का एक फार्म लेना होगा।
आर्डर फार्म जमा करने के साथ फोटो छपवाने वाले को 240 रुपये, एक आईडी व फोटो जमा करना होगा। इसके बाद डाक विभाग पांच रुपये वाले 12 फोटो लगे टिकट जारी करेगा। फार्म जमा करने के एक सप्ताह के भीतर वह अपने फोटो लगे डाक टिकट प्रधान कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
सपनों का साकार करने वाली है योजना
पोस्ट मास्टर एसएन गुप्ता का कहना है कि माई स्टैंप योजना आमजन के सपनों को साकार करेगी। इस योजना के अंतर्गत आप डाक टिकट पर अपना फोटो छपवा सकते हैं।