टीबी मरीजों की खोज के लिए शुरू हुआ अभियान
हापुड़। टीबी रोग से निजात दिलाने के लिए सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का शुभारंभ सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर किया। विभाग की टीमों ने 2900 घरों में जाकर, लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। लक्षण के आधार पर संदिग्धों को सैंपल एकत्र करने के लिए डिब्बी दी गई।
अभियान का शुभारंभ सीएमओ डा.रेखा शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करना है। इसी उद्देश्य से जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 58 टीमें लगायी गई हैं। प्रत्येक टीम रोजाना 50 घरों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगी। सोमवार को टीमों ने 2900 घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। अगर कोई संदिग्ध मरीज मिलता है तो उसका उपचार कराया जाएगा। जब तक मरीज स्वस्थ नहीं होगा तब तक उसकी निगरानी की जाएगी। सरकार की योजना को सफल बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। प्रतिदिन चलाए जा रहे अभियान की भी गहनता से समीक्षा की जाएगी। इस मौके पर क्षय रोग अधिकारी डा.राजेश कुमार, सुशील चौधरी आदि का सहयोग रहा।