धौलाना। कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव इकलैंडी में एक किशोर ने परिजनों की डांट से नाराज होकर तालाब में छलांग लगा दी। तालाब गंदगी से अटा था, गोताखोर देर शाम तक किशोर की तलाश करते रहे। लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
इकलैंडी निवासी 16 वर्षीय अर्जुन को उसके पिता ने किसी बात को लेकर डांट दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर अर्जुन ने घर से जाकर गांव के तालाब में छलांग लगा दी और वह डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन अर्जुन नहीं मिला। काफी देर तक ग्रामीण और परिजन अर्जुन की तलाश करते रहे। लेकिन कचरा व गंदगी के कारण तालाब में कई जगह दलदल भी बन हुआ है। लोगों को किशोर की तलाश करने में काफी परेशानी हुई। वहीं, सूचना मिलने पर कपूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, गोताखोर को बुलाकर किशोर की खोजबीन कराई गई। देर शाम तक गोताखोर तालाब में किशोर को तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिला।