हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुराना टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े युवक को लोडर वाहन ने जोरदार टक्कर मारकर दी। टोलकर्मियों ने घायल को गुलावठी के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला लखीमपुर खीरी के गांव सिरोकन निवासी श्यामलाल उर्फ श्यामल ने बताया कि उसका पुत्र प्रदीप गौतम हापुड़ में रेलवे में कार्यरत ठेकेदार के पास काम करता था। वर्तमान में वह हापुड़ से बुलंदशहर रोड पर कहीं एक स्थान पर रेलवे का काम कर रहा था। 18 अप्रैल की शाम करीब साढ़े सात बजे वह कुराना टोल प्लाजा के पास किसी काम से खड़ा था। इसी बीच बुलंदशहर की ओर से तेजी व लापरवाही से लोडर वाहन चलाकर ला रहे अज्ञात चालक ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, चालक वाहन को लेकर मौके से भाग गया। टोल कर्मियों ने उसके घायल पुत्र को गुलावठी के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।