बकाया गन्ना पेमेंट न होने के विरोध में भाकियू भानु गुट ने तहसील का घेराव कर सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
सिंभावली, गढ़ और बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांवों से आए भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ता शनिवार को अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए। यहां जिलाध्यक्ष पवन हूण के नेतृत्व में वे नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचे और धरना दिया।
जिला उपाध्यक्ष ओमकार सिंह और तहसील अध्यक्ष जयवीर गुर्जर ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही है। इसके चलते बकाया गन्ने का भुगतान न होने से किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।
मामला बढ़ने पर एसडीएम शमशाद हुसैन धरना स्थल पर आ गए, जिन्हें जिलाध्यक्ष पवन हूण के नेतृत्व में सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें गन्ना पेमेंट की ब्याज समेत अदायगी, बिजली बिलों की बढ़ोतरी वापिस कर 24 घंटे सप्लाई दिलाने, पट्टाधारक किसानों को संक्रमणीय भूमिधर करने, कुर्रेबंदी के मुकदमों का अधिकतम 6 माह में निपटारा कराने आदि मांगें थीं।
धरने में तहसील उपाध्यक्ष रणवीर सिंह, रूपराम, बलजीत सिंह, रामकुमार, आदेश, संजय, मंगू सिंह, धर्मवीर सिंह, वीके त्यागी, मूलचंद कोरी, कुलदीप, ईश्वर हूण, बालकराम, ब्रह्मपाल, धर्मसिंह, लखपत, दीपक कश्यप, सुखराम समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।