भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय के लिए एचपीडीए की प्रीत विहार आवासीय योजना में जमीन की कीमत सर्किल रेट से अधिक रेट देकर ड्राफ्ट से भुगतान किया गया। यह रजिस्ट्री बरेली कैंट से विधायक और पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कराई
।
रजिस्ट्री विभाग के सूत्रों ने बताया कि 26 अक्तूबर को भाजपा कार्यालय के लिए प्रीत विहार फेस एक में स्थित 288 वर्ग मीटर के भूखंड सी-59 के स्वामी अरुण जैन निवासी गाजियाबाद ने रजिस्ट्री की थी।
इसके लिए दो ड्राफ्ट दिए गए। इनमें से एक ड्राफ्ट 44 लाख एक हजार रुपये का था जो 25 अक्तूबर को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नई दिल्ली शाखा से बना था। जबकि दूसरा ड्राफ्ट दो लाख रुपये का था जो 28 सितबंर को एसबीआई की शाखा से बना था।
उल्लेखनीय है कि पहले यह बताया जा रहा था कि 30 लाख से कुछ अधिक का भुगतान किया गया है। लेकिन खोजबीन करने पर पता चला कि करीब 46 लाख में रजिस्ट्री हुई। रजिस्ट्री कराने की कार्यवाही बरेली कैंट से भाजपा विधायक और पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कराई।
उक्त समय पर हापुड़ भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष कपिल एसएम भी मौजूद थे। हालांकि उन्होंने इस मामले को छिपाये रखा। दिलचस्प बात यह है कि इस भूखंड की कीमत सर्किल रेट से 42.80 लाख रुपये बनती थी लेकिन भाजपाइयों ने चार लाख रुपये अधिक का भुगतान किया।
यह जमीन भाजपा के 11 अशोका रोड नई दिल्ली स्थित कार्यालय के पते पर खरीदी गई। पार्टी के इस सौदे को दूसरी पार्टियां टेढ़ी नजर से देख रही हैं।