हापुड़। बार एसोसिएशन ने वर्ष 2024-25 के चुनाव की तिथि घोषित कर दी। सोमवार को बैठक में एल्डर्स कमेटी व बार एसोसिएशन के बीच चल रहा मतभेद समाप्त हो गया। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष व सचिव के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से चुनाव के लिए 13 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन सुरेंद्र दत्त शर्मा तथा एसोसिएशन के अध्यक्ष रामनिवास सिंह व सचिव विकास कुमार त्यागी ने बताया कि एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए एक बैठक आयोजित की। जिसमें एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर चर्चा हुई। मतदान की तिथि 13 नवंबर नियत की गई है। चुनाव संपन्न कराने के लिए संदीप कुमार त्यागी को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। सहायक चुनाव अधिकारी महेंद्र सिंह को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव से संबंधित नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों की जांच आदि की तिथि चुनाव अधिकारी संदीप कुमार त्यागी द्वारा घोषित की जाएगी।
चुनावी सरगर्मी हुई तेज-
चुनाव की घोषणा होने के साथ ही कचहरी में सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार-प्रसार भी तेज कर दिया है। प्रत्याशी नाराज मतदाताओं को मनाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे है।
इन प्रत्याशियों नाम है चर्चाओं में -
चुनाव की घोषणा होने के साथ ही विभिन्न पदों पर कई प्रत्याशियों के नाम भी सामने आ रहे है। अध्यक्ष पद पर संजय कंसल, राधेश्याम शर्मा, हरीश शर्मा, राजीव शर्मा व पुरुषोत्तम वर्मा का नाम सुर्खियों में है। वहीं सचिव पद पर विरेंद्र सिंह सैनी व मोहम्मद बिलाल का नाम मजबूती के साथ चर्चाओं में है। सह सचिव प्रशासन पद पर संजय सिंह व आकांश त्यागी का नाम चल रहा है। एसोसिएशन के 21 पदों पर कौन-कौन प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे, यह अगले पंद्रह दिन में स्पष्ट हो जाएगा।