जिला हापुड़ बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए बुधवार को एक गुट के प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों पर नामांकन पत्र दाखिल किया। वरिष्ठ कोषाध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
बृहस्पतिवार को भी नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 13 मई को मतदान होगा। बुधवार को जिला हापुड़ बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सह चुनाव अधिकारी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अनिल कुमार शिशोदिया, उपाध्यक्ष पद पर वेद प्रकाश,
मोहम्मद शाहिद, सचिव पद पर रविंद्र सिंह निमेष, सहसचिव प्रशासन पद पर श्रीराम प्रजापति, विजय कुमार अग्रवाल, सहसचिव प्रकाशन पर शहजाद अली, सहसचिव पुस्तकालय पर अनवर अली, वरिष्ठ सदस्य पद पर दिनेश कुमार, राजवीर सिंह त्यागी,
कनिष्ठ सदस्य पद पर संजीव कुमार, किशनपाल सिंह, बब्बलू कुमार सैनी, दिनेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कोषाध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आज कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है।
उधर कचहरी में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होने पर चुनाव की हलचल तेज हो गई। बता दें कि 13 मई को मतदान होगा, जिसमें बार एसोसिएशन के 553 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
मतदान समाप्त होने के आधा घंटे बाद ही मतगणना शुरू हो जाएगी। देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।