मेरठ रोड स्थित राजकीय बीमा औषधालय इन दिनों मरीजों से नहीं बल्कि शराबियों से बेहाल है। औषधालय के गेट से सटे शराब का ठेका होने के चलते शराबी मदीरा खरीदकर इसका सेवन अस्पताल परिसर में करते हैं।
फिर नशे में कर्मचारियों व महिलाओं से अभद्रता करते हैं। आए दिन मिल रही शिकायत से परेशान प्रभारी चिकित्साधिकारी ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, मेरठ रोड पर कई दशक से राजकीय बीमा औषधालय चल रहा है। नियम के तहत अस्पताल, स्कूलों के आसपास ठेका नहीं होना चाहिए। लेकिन यहां नियम, कानून को ताक पर रख धड़ल्ले से शराब का ठेका चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग व प्रशासनिक अफसर भी मूकदर्शक बने बैठे हैं।
आलम यह है कि राजकीय बीमा औषधालय परिसर में जब अधिकारी शराब के सेवन का विरोध करते हैं तो शराबी उनसे अभद्रता करने से भी नहीं चूकते। इससे मरीजों में दहशत का माहौल है। यहां तक की औषधालय में बने क्वाटरों में सरकारी कर्मचारी अपने बीवी, बच्चों के साथ बाहर निकलने से कतराते हैं।
इस संबंध में औषधालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी गौतम ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। डीएम अनिल ढींगरा ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।