गढ़मुक्तेश्वर। कावंड़ यात्रा और जलाभिषेक के मद्देनजर एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने मंगलवार को गढ़ के प्राचीन नक्का कुआं मंदिर, कल्याणेश्वर शिव मंदिर और सिंभावली के दत्तियाना में स्थित भूतेश्वरलाल शिव मंदिर का निरीक्षण किया।
एएसपी ने बताया कि गढ़ सर्किल क्षेत्र के तीनों मंदिर काफी पौराणिक हैं। जिनकी विशेष मान्यता है। तीनों ही मंदिरों में क्षेत्र के शिवभक्त कांवड़ लाने के उपरांत भगवान आशुतोष का अभिषेक करते हैं। जिसे लेकर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होनी बेहद जरूरी है। उन्होंने तीनों मंदिरों की देखरेख से जुड़ी समिति के सदस्यों, मुख्य पुरोहितों समेत ग्रामीणों से वार्ता भी की। एएसपी ने कहा कि मंदिर परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरे सही ढंग से काम करने चाहिएं। वहीं जलाभिषेक के दौरान महिलाओं और पुरुष भक्तों की अलग-अलग लाइन होने के साथ ही बैरिकेडिंग भी मजबूत होनी चाहिए। मंदिर के अंदर एक समय में अधिक भक्त नहीं जाने चाहिएं। ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बन सके। वहीं सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त बनाए रखने का निर्देश दिया। एएसपी ने बताया कि जलाभिषेक के दौरान नगर पालिका परिषद में बनने वाले कंट्रोल रुम में उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी के अलावा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।