गढ़मुक्तेश्वर। शहरी क्षेत्र में गरीबों को आशियाने का सपना फिर से पूरा होगा। करीब पांच साल बाद प्रधानमंत्री आवास शहरी फेज-दो में आवेदन शुरू हो गए हैं। सत्यापन व अन्य प्रक्रियाओं के बाद पात्रों को आवास के लिए अलग-अलग किश्तों में रकम दी जाएगी।
नगर पालिकाओं में 2016 से लेकर 2019 तक लोगों को पीएम आवास योजना के तहत आवास निर्माण की मंजूरी मिली थी। 2019 के बाद से योजना में नए आवास की स्वीकृति नहीं मिली। काफी दिनों से लोग पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे थे। अब जाकर शासन से इसकी स्वीकृति मिली है। स्वीकृति मिलते ही आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए भारत सरकार के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का आधार विवरण (आधार संख्या, आधार के अनुसार नाम, जन्म तिथि), परिवार के सदस्यों का आधार विवरण, आवेदक के सक्रिय बैंक खाते का विवरण जो आधार से जुड़ा हो, आय प्रमाण (केवल पीडीएफ फाइल), भूमि दस्तावेज शामिल हैं।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इसको लेकर सभी को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जा सके। - अंकित कुमार, जिला डूडा अधिकारी