हापुड़। शहर में कुत्तों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है। अब मोहल्ला पटेल नगर में स्कूल जा रही बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें कुत्तों के पंजे लगने से बच्ची घायल हो गई। बच्ची के शोर मचाने पर पास से गुजर रहे लोगों ने उसे बचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शहरवासियों में रोष व्याप्त है।
मोहल्ला पटेलनगर निवासी डाॅ. अमित कुमार ने बताया कि वह नंबर एक गली में रहते हैं। उनकी बेटी सुबह करीब नौ बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी। तभी गली के मोड पर तीन कुत्ते एक-एक कर आए और बच्ची पर हमला कर दिया। बेटी के शोर मचाने पर आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे बचाया। पंजा लगने से बेटी घायल हो गई। कुत्तों के हमले के बाद से ही बेटी दहशत में है। मामले में पालिका के अधिशासी अधिकारी को भी एक पत्र लिखा है। स्थानीय निवासी नितिन शर्मा और दीपक अग्रवाल ने भी शिकायत की है, जिसमें कहा है कि मोहल्ला पटेलनगर में कुत्तों की संख्या भी बढ़ रही है। आए दिन यह कुत्ते गली से गुजरने वाले लोगों पर हमला कर रहे हैं। मामले में पालिका के ईओ मनोज कुमार का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। टीम को मौके पर भेजा गया है।
सभासदों ने जल्द निजात दिलाने की मांग
बंदरों व कुत्ताें से निजात दिलाने की मांग को लेकर सभासदों का एक गुट भूख हड़ताल की चेतावनी दे चुका है। वहीं सभासद अमित मोनू बजरंग और सभासद आदित्य सूद ने भी पालिका के ईओ को पत्र लिखा है, जिसमें बंदरों और कुत्तों को जल्द न पकड़ने की मांग उठाई है। मोनू बजरंग ने कहा कि वे लगभग हर बैठक में इस समस्या से मांग उठाते आ रहे हैं। इस समस्या को सबसे पहले उन्होंने ही उठाया था। अब नगर पालिका को इस समस्या को लेकर गंभीर हो जाना चाहिए। जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।