धौलाना। यूजीसी, एससी-एसटी एक्ट और ईडब्ल्यूएस के सरलीकरण के विरोध में 27 सितंबर से धौलाना तहसील परिसर में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वहीं सवर्ण समाज के युवाओं ने शुक्रवार देर शाम साठा चौरासी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बैठकें कर रणनीति बनाई और अधिक से अधिक लोगों से 27 सितंबर को धौलाना पहुंचने की अपील की।
एसडीएम धौलाना कल्पना सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन की अनुमति के बिना प्रस्तावित धरना शुरू नहीं किया जा सकता। तहसील प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के युवा क्षेत्रीय अध्यक्ष युद्धि राणा का कहना है कि अपने अधिकारों की आवाज उठाना अपराध नहीं है। अपनी भावी पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अब सवर्ण समाज ने बीड़ा उठा लिया है।