निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, दो मजदूर घायल
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत फ्रीगंज रोड पर दो मंजिली इमारत पर निर्माणाधीन लिंटर भरभराकर गिर गया। जिसमें दो मजदूर दबकर घायल हो गये। जबकि मालिक को भी चोट आई। आरोप है कि भवन मालिक ने मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जबकि पुलिस के आने से पहले ही आनन फानन में घायल मजदूरों को वहां से हटा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फ्रीगंज रोड पर रेलवे रोड के सामने मनोज कुमार पुत्र अरुण कुमार कृष्णा का भवन है। इस भवन की तीसरी मंजिल पर सोमवार को लिंटर डाला जा रहा था। अचानक सेटरिंग भरभराकर गिर गई। हादसा होने के दौरान दो मजदूर बबलू और आसिफ निवासी दस्तोई रोड घायल हो गए। बबलू की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि मालिक मनोज के पैर में भी चोट आई। आरोप है कि मदद करने आए आसपास के लोगों से भवन मालिक ने अभद्रता की, वहीं इसी बीच आनन फानन में घायलों को गुपचुप तरीके से मौके से हटा दिया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी गुमराह करते हुए घायलों की जानकारी नहीं दी गई। बाद में पुलिस को घायलों के बारे में पता चला।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है। बल्ली खिसकने के कारण हादसा हुआ है। कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
अवैध रूप से किया जा रहा था निर्माण
जिस भवन का निर्माण किया जा रहा था, वह अवैध था। एचपीडीए के अधिकारियों के अनुसार निर्माण को लेकर इस भवन मालिक को पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका है। कर्मचारियों के चुनाव ड्यूटी में लगे होने का फायदा उठाकर यह निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आलोक सिंह का कहना है कि मामला गंभीर है, आरोपी के खिलाफ जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।