तेज रफ्तार डंपर ने होमगार्ड को कुचला, मौत
हापुड़। नगर के अंबेडकर तिराहे पर सड़क पार कर रहे एक होमगार्ड को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। पुलिस द्वारा घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के मोहल्ला गांधी विहार निवासी अनुज शर्मा पुत्र सुभाष चंद शर्मा होमगार्ड के रूप में हापुड़ कोषागार में तैनात था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह अंबेडकर तिराहे पर सड़क पार कर रहा था। ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा रोकने के बावजूद मेरठ की ओर से आ रहे एक डंपर ने तेजी से चौराहे को पार करने का प्रयास किया। डंपर ने इसी दौरान सड़क पार कर रहे होमगार्ड अनुज शर्मा को कुचल दिया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने डंपर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस ने दिल्ली रोड पर डंफर का पीछा करते हुए उसे रोक लिया। हालांकि चालक फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने घायल अनुज को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। लेकिन मेरठ में उपचार के दौरान अनुज की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, होमगार्ड की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।