सुबह से हो गई शाम, नहीं खुला जाम
- भीषण जाम से झल्लाए एसपी ने कोतवाली पुलिस को लगाई फटकार
- शहर के मुख्य मार्गों से लेकर गलियों में भी जाम से जूझे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। शहर की सड़कों से लेकर गलियों में सोमवार को ऐसा जाम लगा कि हर कोई हलकान हो गया। आलम यह रहा कि जाम में फंसे एसपी भी झल्ला उठे और कोतवाली के बाहर रुककर पुलिस को जमकर फटकार लगाई। बावजूद इसके शाम तक लोगों को जाम से निजात नहीं मिल सकी।
सोमवार सुबह से ही वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण शहर के विभिन्न मार्गों व चौराहों पर जाम की भयावह स्थिति पैदा हो गई। पक्का बाग चौराहा, अतरपुरा चौपला तहसील चौराहा और मेरठ तिराहे के साथ दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड, मेरठ रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए । पूरे दिन लोग जाम में फंसे रहे। आलम यह रहा कि जाम से मुक्त रहने वाली फ्रीगंज रोड पर भी रेलवे पार्क के पास जाम लग गया। यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
जाम की स्थिति यह थी कि एसपी हेमंत कुटियाल भी गढ़ दिल्ली रोड पर जाम में फंस गए। एसपी जाम से इस कदर झल्लाए कि उन्होंने कोतवाली के बाहर कार रोककर पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद कोतवाली पुलिस भी जाम खुलवाने में जुट गई। फिर भी लोगों को शाम तक जाम से निजात नहीं मिल सकी।
सड़कों से हटवाया अतिक्रमण, वाहनों की निकाली हवा
हापुड़। शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए सोमवार सुबह पुलिस और प्रशासन की टीमों द्वारा शहर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान टीम ने अतिक्रमण करने वालों के चालान काटने के साथ ही सड़क पर खड़े वाहनों की हवा निकाल दी। कार्रवाई के दौरान हड़कंप की स्थिति रही।
जाम शहर के लिए नासूर बन चुका है। इसे देखते हुए सोमवार को एसडीएम डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव, सीओ राजेश कुमार व नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। टीम ने गढ़ दिल्ली रोड, रेलवे रोड पर अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों के चालान काटे गए। सड़क पर खड़े वाहनों के टायरों से हवा निकाल दी गई। कार्रवाई के दौरान शहर में अफरातफरी का माहौल रहा। सड़क किनारे खड़ी अवैध टैक्सियों को लेकर चालक इधर-उधर भागते नजर आए। हवा निकालने को लेकर लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों में अफरातफरी का माहौल रहा। टीम ने करीब 50 दुकानदारों के चालान काटे। नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कार्रवाई के दौरान कोतवाली प्रभारी पंकज लवानियां भी साथ रहे। ब्यूरो