तालाबों से निकाल पानी और हो गया सुंदरीकरण
हापुड़। सरकार भले ही जलस्तर सुधार के लिए दम तोड़ रहे तालाबों को संजीवनी देने का प्रयास कर रही हो, लेकिन अधिकारी अभी भी पुराने ढर्रे पर ही चल रहे हैं। गांव मुदाफरा में डीएम द्वारा तीन तालाबों के सुंदरीकरण के आदेशों को ही अधिकारियों ने ठेंगा दिखा दिया। तालाबों पर कुछ दिन खानापूर्ति के बाद अब स्थिति जस की तस है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्र के गांव मुदाफरा स्थित तीन तालाबों में ओवरफ्लो और गंदगी के कारण स्थिति काफी खराब है। इसकी शिकायत जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कांत हूंण द्वारा डीएम अदिति सिंह से की गयी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर तालाबों के सुंदरीकरण के आदेश दिए थे। इन आदेशों के बाद तालाबों पर कार्य शुरू किया गया। पंप से तालाबों का पानी तो निकाला गया, लेकिन इसके बाद खानापूर्ति कर तालाबों को छोड़ दिया। ग्रामीण कुमदेश शर्मा ने बताया कि डीएम के आदेशों के अनुसार तालाबों की पूरी तरह से सफाई के बाद इनका फाउंडेशन भी तैयार किया जाना था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अब बरसात सिर पर है और तालाब की स्थित जस की तस है। तालाब गंदगी से अटे पड़े हैं। कुल मिलाकर तालाबों के सुंदरीकरण के नाम पर कुछ नहीं किया गया है। एसडीएम सत्यप्रकाश का कहना है कि तालाबों के सुंदरीकरण के आदेश दिए गए थे। किस स्तर तक सुंदरीकरण किया गया है, इसकी जांच होगी। लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।