आसमान में छाये बादल, मौसम सुहाना
हापुड़। पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी से रविवार को कुछ राहत मिली। सुबह से ही आसमान पर छाये बादलों और पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में करीब गिरावट दर्ज की गयी। अगले दो तीन दिन गर्मी से इसी प्रकार राहत रहने की उम्मीद है।
पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल किया हुआ था। तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। लोगों का सड़क पर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। लेकिन रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सुबह से ही आसमान पर छाये बादलों के कारण धूप से लोगों को निजात मिली। इसके अलावा पूर्वी हवाएं चलने के कारण पिछले कई दिनों से जारी लू से भी राहत मिली। कुल मिलाकर रविवार को पूरे दिन मौसम पूरी तरह से सुहावना रहा। जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। रविवार को अधिकतर तापमान गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस रह गया।
उधर, मौसम विज्ञानी मनोज आत्रेय ने बताया कि अगले दो तीन दिन तापमान में कमी आयेगी। इसके बाद एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।