लापता बच्चों को पुलिस ने किया बरामद
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति के दो पुत्र शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। सूचना पर देहात पुलिस ने 24 घंटों के अंदर दोनों मासूमों को दिल्ली से बरामद कर लिया। बच्चों को सकुशल देखकर परिजन ने पुलिस को धन्यवाद दिया है।
मोहल्ला कोटला सादात निवासी लियाकत के पुत्र कामिल (12) व अलताफ (11) शुक्रवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। एक ही परिवार के दो बच्चों के अचानक लापता होने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मामले की जानकारी देहात पुलिस को दी। देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों की तलाश शुरू कर दी। संभावित स्थानों पर तलाश के बाद दोनों का सुराग नहीं लग सका। आखिरकार पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दोनों को दिल्ली के मुजफ्फराबाद स्थित एक रिश्तेदार के घर से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों ने पुलिस को बताया कि वह घूमने के लिए दिल्ली आए थे। बच्चों को साथ लेकर पुलिस थाने पहुंची और परिजन को सूचना दी। सूचना पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को धन्यवाद दिया। थाना देहात प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि बच्चों को परिजन के सुपुर्द कर दिया है।