ज्येष्ठ मास की सोमवती(वट) अमावस्या पर गंगा में आज लगेगी डुबकी
गढ़मुक्तेश्वर। ज्येष्ठ मास की सोमवाती (वट) अमावस्या पर ब्रजघाट गंगा में सोमवार को (आज) लाखों की भीड़ डुबकी लगाकर विभिन्न अनुष्ठान करेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हाईवे को जाधममुक्त रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
वट अमावस्या के उपलक्ष्य में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत वेस्टर्न यूपी के जनपदों से जुड़े लाखों भक्त सोमवार को ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे, जिसके चलते बाहरी प्रांतों से भक्तों का आगमन चालू होने से तीर्थनगरी में चहल पहल और बाजारों में रंगत बढने लगी है। वहीं सैकड़ों धर्मशाला, आश्रम और मंदिर परिसरों में अधिकांश बुक हो चुके हैं, जिससे देर रात में आने वाले महिला-बच्चों समेत हजारों की भीड़ को खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ेगी।
स्नान और दान करने वाले पापों से मुक्त होकर मनोवांछित फल पाते हैं
- भद्रकाली मंदिर के पुजारी रमाशंकर तिवारी का कहना है कि वट अमावस्या पर मोक्ष दायिनी में आस्था की डुबकी लगाकर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र का दान करने वाले पापों से मुक्त होकर मनोवांछित फल के भागीदार बनते हैं। यमराज के चंगुल से अपने पति सत्यवान के प्राण छुड़ाने वाली सावित्री की कथा सुनने और इस दिन वट वृक्ष की परिक्रमा समेत पूजा अर्चना करने का विशेष महत्व माना गया है।
प्रात: काल प्रारंभ होगा स्नान पर्व
- पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि वट अमावस्या के उपलक्ष्य में सोमवार को प्रात:काल ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान पर्व प्रारंभ होगा, जो सूर्यास्यत होने तक निरंतर चलेगा।
इस बार बन रहा दुर्लभ संयोग
- ज्येष्ठ अमावस्या सोमवार को होने के साथ ही इस बार विशेष संयोग भी बन रहा है। पंडित उमेश सेनरा ने बताया कि सोमवती अमावस्या, शनि जयंती, वट सावित्रि व्रत के साथ ही सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग होने से दुर्लभ संयोग बन रहा है। इस संयोग में किए गए दान-पुण्य से पितृ दोष में शांति समेत शनिदेव की कृपा और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम
- इंस्पेक्टर आरके राठी ने बताया कि वट अमावस्या पर तीर्थनगरी में आने वाले भक्तों के मद्देनजर नेशनल हाईवे को जाममुक्त रखने के साथ ही उनकी सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पूरी तरह चाक चौबंद प्रबंध कर लिए गए हैं। हाईवे पर खराब होने वाले वाहनों को हटवाने के लिए क्रेन की व्यवस्था समेत मुख्य स्थानों पर भी टे्रफिक पुलिस की ड्यूटी भी लगाई गई है। वहीं गंगानगरी में फायर बिग्रेड की गाडियों की भी तैनाती की गई है।
जाम से बचने को इन रास्तों का करें इस्तेमाल
- नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर जाम से बचते हुए हाईवे पर पहुंच सकेंगे।
मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे।
बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।