ठेले वालों से अवैध उगाही करने की शिकायत
हापुड़। पुलिस के बड़े अधिकारियों से साठगांठ का दावा कर ठेला वालों से जबरन अवैध उगाही करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। रविवार रात पहुंचे मोहल्ला सिकंदरगेट के कुछ लोगों ने युवक के खिलाफ शिकायत की थी।
शिकायत में लोगों ने बताया था कि मोहल्ले का ही दानिश पुत्र साजिद उनसे डरा धमकाकर रुपये ऐंठता आ रहा है। ट्रांसपोर्ट, जूस और फलों आदि का ठेला लगाने वाले लोगों को पुलिस को रौब गालिब किया जाता है। आरोपी उनसे पुलिस के बड़े अधिकारियों से जानकारी और साठगांठ होने का दावा करके फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। इसके एवज में वह इनसे अवैध उगाही करता आ रहा है। रविवार शाम उसे रुपये देने से इंकार किया तो उसने कुछ साथियों के साथ मारपीट भी की।
दरअसल, आरोपी युवक दानिश वर्ष 2006 में पत्र के माध्यम से रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद चर्चाओं में आया था। उसे जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। मोहल्ले के लोग चमन, रहीस, शाहिद, अकरम, शमशाद,, तालिब, समीर, शान, नासिर, यूसुफ, यूनुस, फुरकान की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।