जिले के दो केंद्रों पर 745 छात्रों ने दी पालीटेक्निक की परीक्षा
हापुड़। जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर रविवार को 745 छात्रों ने पालीटेक्निक की परीक्षा दी। 199 छात्र अनुपस्थित रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच नकलविहीन परीक्षा संपन्न हो गई। जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा करायी गई।
पालीटेक्निक की परीक्षा को संपन्न कराने के लिए मेरठ रोड स्थित श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कालेज और दीवान इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इन केंद्रों पर 944 छात्र परीक्षा देने के लिए पंजीकृत थे। सुबह की पाली में श्रीशांति स्वरूप कृषि इंटर कालेज में पंजीकृत 350 छात्रों के सापेक्ष 273 उपस्थित रहे, 77 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी केंद्र पर दूसरी पाली में 220 छात्र पंजीकृत थे, लेकिन 166 ही उपस्थित हुए। वहीं दीवान इंटर कालेज में प्रथम पाली में पंजीकृत 374 छात्रों में से 306 उपस्थित रहे, 68 ने परीक्षा छोड़ दी। जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीएम सत्यप्रकाश व स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में डीआईओएस गजेंद्र सिंह व बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ही पालियों की परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न हो गई हैं। नकल जैसा कोई मामला प्रकाश में नहीं आया। व्यवस्था बनाने में केंद्र व्यवस्थापक प्रभुदयाल जयंत, केंद्र अधिकारी सोनू यादव व राजकुमार, पर्यवेक्षक शिव दीनदयाल कौशिक, जिला समंव्यक एसके वर्मा, जोनल अधिकारी ब्रिजेश मिश्रा आदि रहे।