हापुड़। जिले में 14 साल की आयु पूर्ण कर चुकीं, करीब 15500 किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव के टीके लगेंगे। शनिवार को हापुड़ सीएचसी में इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन हुआ। कोविड वैक्सीन की तरह ही यह वैक्सीन भी पंजीकरण कराने के बाद लगेगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि बच्चेदानी के मुंह का कैंसर सबसे ज्यादा कॉमन है। किशोरियों में इस बीमारी को टीकाकरण के जरिए रोका जा सकता है। पहली बार शासन की ओर से इस टीकाकरण को शुरू किया जा रहा है। जिन किशोरियों की आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, सिर्फ उन्हें यह टीका लगेगा। यदि उम्र 15 साल भी हो गई है, तो टीका नहीं लगाया जाएगा।
बताया कि मंडल स्तर पर वैक्सीन उपलब्ध है, जिले को यह जल्द आवंटित होगी। शासन की ओर से ट्रेनिंग करा दी गई है। यह वैक्सीन पंजीकरण कराने के बाद लगेगी। जिस तरह कोविड में स्लॉट बुक होता था इस बार भी ऐसा ही होगा। किशोरियों को बाजू में वैक्सीन लगाई जाएगी, सिर्फ एक डोज ही पर्याप्त होगी। इस वैक्सीन के बाद किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर का खतरा 95 फीसदी तक कम हो जाएगा।
शनिवार को हापुड़ सीएचसी में सदर विधायक विजयपाल आढ़ती की मौजूदगी में इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन हुआ। सदर विधायक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर है। किशोरियों को यह टीका अवश्य लगवाना चाहिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. कपिल गौतम, अनुज त्यागी, मोहित त्यागी आदि मौजूद रहे।