हापुड़। थाना पिलखुवा क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में कार व पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मांग पूरी न करने पर पति ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या का भी प्रयास किया। एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विवाहिता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि छह अप्रैल 2019 को उनका निकाह जिला गौतमबुद्धनगर दादरी के मोहल्ला नूरानी मस्जिद नई आबादी निवासी युवक से हुआ था। मायके वालों ने उनके निकाह में दस लाख रुपये खर्च किए। आरोप है कि निकाह के कुछ दिनों बाद से ही पति, ससुर, सास, ननद व दो देवर दहेज में कार व पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर उनका उत्पीड़न करने लगे। आरोपी गाली गलौज कर उनके साथ लात घूसों से मारपीट करने लगे।
18 जुलाई 2024 की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनके पिता ने आरोपियों को काफी समझाया। इस पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उनके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उनके पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ थाना दादरी में शिकायत की। भविष्य में गलती न दोहराने की शर्त पर उनके पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों को माफ कर दिया और उन्हें अपने साथ ले आए।
वह 13 माह अपने मायके में अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ रही। आरोपी लिखित समझौते के रूप में उन्हें मायके से लेकर चले गए। इसके बाद पति ने उन्हें दादरी में एक किराये के मकान में रखा। पति यहां कुछ युवकों को बुलवाकर उनके चरित्र पर आरोप लगाने का प्रयास करने लगा। तीन फरवरी 2026 को उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसके बाद वह मायके आ गईं। आठ फरवरी को पति व दो देवर उनके मायके पहुंचे और दुपट्टे से गला दबाकर उनकी हत्या का प्रयास किया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।