पशुओं को बीमारी से बचाव के लिए किसान जागरूक हों
गढ़मुक्तेश्वर। जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए पशुओं को साफ सुथरे स्थान पर बांधने के साथ ही उनकी बेहतर देखभाल करने के लिए किसानों का जागरूक होना जरूरी है।
बदलते मौसम के दौरान पशुओं को खुरपका, मुंहपका, गलाघोंटू जैसी कई बीमारी अपनी गिरफ्त में जकड़ लेती हैं, जिससे आए साल दर्जनों पशुओं की मौत तक हो जाती है। डिप्टी सीवीओ डॉ.एमपी सिंह का कहना है कि किसानों का जागरूक होना बेहद जरूरी है, क्योंकि बदलते मौसम और गर्मी समेत बरसात के सीजन में पशुओं को कई तरह की जानलेवा बीमारी घेर लेती हैं, जिनसे बचाव के लिए पशुओं को टीके लगवाने के साथ ही उन्हें साफ सुथरे स्थान पर रखकर बेहतर देखभाल और अच्छा चारा खिलाया जाए। उन्होंने बताया कि जिन फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है, उनके सेवन से पशुओं में पेट संबंधी बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है।