स्कूल से लौट रही छात्राओं से छेड़छाड़
गढ़मुक्तेश्वर। गांव दत्तियाना में स्कूल से लौट रहीं छात्राओं से बाइक सवार तीन युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। छात्राओं के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक युवक को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव दत्तियाना के स्कूल से छुट्टी के बाद शनिवार को पास के गांव में रहने वाली दो छात्राएं पैदल ही घर लौट रहीं थी। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्राओं के शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देखकर युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने एक युवक को दबोच लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी ने बताया कि मामले की जांच करते हुए हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।