अधिवक्ताओं ने गढ़ पुलिस पर कार्रवाई की मांग की
हापुड़। अधिवक्ताओं ने गढ़ पुलिस द्वारा महिला और बच्चों के साथ की गई मारपीट के मामले की निंदा करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
इस संबंध में कचहरी परिसर में आयोजित बैठक में अधिवक्ता अनिल आजाद ने कहा कि गढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ करते हुए लूटपाट की गई है। इससे पुलिस की छवि धूमिल हुई है। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। भाकियू कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्होंने आजाद भारत में अंग्रेजों की पुलिस से भी बर्बर गढ़ पुलिस की गुंडागर्दी के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। उनका पूरा साथ दिया जाएगा। महिलाओं और डेढ़ साल के बच्चे को हवालात में बंद करना सरासर निंदनीय है। पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिवकुमार शर्मा एडवोकेट ने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में महेंद्र सिंह, डीपी सिंह, शिव कुमार शर्मा, जयविंद्र सिंह, राहुल मावी, महबूब अली, मोनू, लाल सिंह आगौर, कुलदीप शर्मा, जीत सिंह, रोबिन, अभिषेक आदि मौजूद थे।