फोटो 12 एचएएमपी 05- स्वर्ण पथक विजेता पलरा का युवा नितिन सिंह राठौर। परिजन
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पलरा निवासी युवक ने थाईलैंड के पटाया शहर में ओपन ताइक्वांडो प्रतियोगिता हीरोज कप में प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक जीता। युवक की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है।
पलरा निवासी राममोहन सिंह राठौर के पुत्र नितिन सिंह ने ओपन टूर्नामेंट हीरोज कप में शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक पाया। नितिन की सफलता की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। पूर्व प्रधान भगवान सिंह राठौर, इंद्रपाल सिंह यादव, जगभान श्रीवास, राजा सिंह यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। ग्राम प्रशासक रामखिलावन श्रीवास ने बताया कि राममोहन सिंह राठौर परिवार के साथ दो दशक से भोपाल में रह रहे हैं। परिवार के अन्य सदस्य गांव में रहते हैं और उनका गांव आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने कहा कि नितिन की इस उपलब्धि से गांव का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।