राठ (हमीरपुर)। सड़क किनारे खड़े युवकों को पिकअप ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक की पचास मीटर दूर तक घिसटने से मौत हो गई। दुर्घटना में पिकअप चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नगर के कांशीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार उर्फ मंजू अनुरागी (24) ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने मित्र कॉलोनी निवासी फिरोज (35) के साथ नहर बाईपास पर खड़े थे, तभी सामने से आ रही पिकअप के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन दोनों को टक्कर मार दी। जिसमें फिरोज पचास मीटर तक घिसटता हुआ चला गया। इसके बाद सामने से आ रहे ट्रक से पिकअप टकरा गई।
राहगीरों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने फिरोज को मृत घोषित कर दिया। मनोज उर्फ मंजू को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं घायल पिकअप चालक नगर के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी जयपाल (22) व बगल में बैठे महोबा के बल्लायं निवासी मनोज (28) को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार फिरोज बिहार में मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले ही घर आया था। युवक की मौत पर मां शकीला, पत्नी व बेटी का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि ट्रक व पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।