महोबा। मौसम में बदलाव से लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को बुखार व पेटदर्द से युवक की मौत हो गई। उधर, जिला अस्पताल समेत निजी क्लीनिकों में सर्दी, खांसी, जुकाम, पेटटर्द, उल्टी आदि से पीड़ित मरीजों की भरमार है। गंभीर हालत में दस मरीजों को जिला अस्पताल के वार्डों में भर्ती कराया गया।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुटी। इस दौरान 700 से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। 24 घंटे में बुखार, पेटदर्द, उल्टी-दस्त से ग्रसित देशरानी, पीयूष, राहुल, नैंसी, नेहा, अनीता, मुस्कान, गायत्री, सुनील और रामनरेश की हालत नाजुक होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के छिकहरा निवासी नर्बदा (38) रात को घर पर था। तभी बुखार के साथ पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाने लगे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। भतीजे पवन ने बताया कि चाचा भोजन के बाद कमरे में सोने चले गए। देर रात हालत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।