महोबा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में शहर के एक होटल में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कानपुर प्रांत के सह प्रांत प्रचारक मुनीश ने कहा कि युवा राष्ट्र की धरोहर हैं। देश के भविष्य को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में योगदान देने के लिए तैयार रहना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मयंकिता चौरसिया ने युवाओं को स्वरोजगार से जुड़कर स्थानीय पहचान को समझने की प्रेरणा दी। कहा कि जिस प्रकार महोबा की पहचान यहां के प्रसिद्ध देशावरी पान से जुड़ी है, उसी प्रकार युवाओं को भी अपनी मिट्टी, संस्कृति व परंपराओं से जुड़कर अपनी पहचान को आगे बढ़ाना चाहिए।
युवा संवाद के दौरान राष्ट्र, समाज, संस्कृति और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम में युवाओं से समाजहित में सक्रिय होकर सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनने का आह्वान किया गया। इस मौके पर जिला प्रचारक सौरभ, सह जिला संघचालक लक्ष्मी, जिला कार्यवाहक प्रमोद, सह जिला कार्यवाहक बृजेंद्र आदि मौजूद रहे।