मौदहा कसबे के एक मोहल्ले में बीते गुरुवार दिनदहाड़े एक युवती का फिल्मी
स्टाइल में अपहरण हो गया। युवती को अपहरणकर्ता बोलेरो गाड़ी में जबरन
बैठाकर असलहे लहराते हमीरपुर मार्ग की ओर लेकर भाग निकले। पिता ने पुत्री
के अपहरण का मामला पुलिस में दर्ज कराया है।
घटना के मुताबिक अपहर्ता
के पिता ने पुलिस में सूचना दर्ज कराई कि उसकी पुत्री का कसौड़ा निवासी
सिपाही इरशाद कुरैशी से बीते 7 जनवरी की शाम 6 बजे जावेद सेलेक्शन हाउस के
पास किसी बात पर विवाद हुआ था। जिसकी जानकारी पुत्री ने घर आकर दी। इस पर
वह इरशाद के घर शिकायत करने गए। उलाहना देने पर उसने देख लेने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि गुरुवार दोपहर 12 बजे जब पुत्री गेस्ट हाउस में सामान लेने
गई। तभी एक बोलेरो में सिपाही इरशाद कुरैशी, उसके दो भाई, एक अन्य खाकी
वर्दी धारी सिपाही और दो अज्ञात लोग आए और उसकी पुत्री को जबरन बोलेरो में
खींच लिया। बताया कि घटनास्थल पर खड़े अशद व पूर्व सभासद तौकीर तथा नितिन
चौरसिया सहित अन्य ने शोर मचाया तो आरोपी अवैध हथियार दिखाते हुए नेशनल
चौराहे से होते हुए मुख्यालय की ओर भगा ले गए।
घटना की सूचना पाकर वह
पुत्री की खोजबीन में जुट गया। लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस मामले में पुलिस
ने अपहरणकर्ताओं के विरुद्ध धारा 366 का मामला दर्ज किया और अपहरणकर्ताओं
की तलाश में जुट गई है। युवती को जबरन उठा ले जाने से परिजनों में जहां
खासा रोष है वहीं मोहल्ले के लोग भी आक्रोशित हैं।