राठ (हमीरपुर)। उरई रोड पर मंगरौठ मोड़ के पास टैक्सी से उतरकर लघुशंका करने जाते समय युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपने मामा के घर से शहर जा रहा था।
जालौन जनपद के कोंच थाने के बरहल गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि थाना व गांव चिकासी में ससुराल है। बेटा सचिन कुमार (18) शिवरात्रि महोत्सव देखने अपने मामा हरगोविंद के यहां चिकासी गांव गए थे। मंगलवार रात टैक्सी पर बैठ कर चिकासी से राठ जा रहे थे। मंगरौठ मोड़ पर टैक्सी रुकी तो सचिन लघुशंका के लिए जाने लगे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। बताया कि बेटा इंदौर में रहकर पानी पूरी बेचता था। मौत पर मां तारा, बहन मुस्कान, छोटे भाई हरिओम का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकासी एसओ भरत कुमार ने कहा कि ट्रक को कब्जे में लिया है। पिता पुष्पेंद्र कुमार की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।