सरीला। जरिया थानाक्षेत्र के करियारी गांव निवासी गरीब किसान ने बेटी की शादी की चिंता में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
गांव निवासी किसान नंदराम यादव ने बताया कि बड़े भाई नंदकिशोर यादव (45) के नाम तीन बीघा जमीन है। जो मजदूरी व खेती किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया कि भाई की पांच बेटी शिवानी, शालिनी, कामिनी, आरती व पायल हैं। बड़ी बेटी शिवानी (19) की शादी जनपद जालौन के बम्होरी गांव में तय हुई थी। 23 अप्रैल को शादी होनी तय थी, लेकिन भाई के ऊपर बैंक व साहूकारों का करीब एक लाख का कर्ज था। इसलिए बेटी की शादी को लेकर परेशान रहता था।
बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसने घर में फंदा लगा आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने उसे फंदे में लटका देख आनन-फानन उतारकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पांच बेटियों सहित पत्नी शिल्पी को रोता बिलखता छोड़ गया।
उप निरीक्षक रमाकांत शुक्ला ने बताया कि नंदकिशोर की पांच बेटियां हैं। एक बेटी की शादी अगले महीने होनी तय थी। कहा कि आर्थिक तंगी से परेशान हो जान देने की जानकारी मिल रही है। कहा कि परिजन पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं।