पौथिया (हमीरपुर)। बेटे के साथ शनिवार को वैद्य के पास दवा लेने जा रही महिला राठ-हमीरपुर हाईवे पर बाइक से गिर गई। हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोट आई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र अंतर्गत हरदौली निवासी गीता देवी (50) अपने बेटे अंकुर (22) के साथ बाइक से छानी गांव इलाज कराने जा रही थी। सुबह करीब दस बजे जैसे ही वह राठ-हमीरपुर स्टेट हाईवे पर स्वासा मोड़ के पास पहुंची। तभी चलती बाइक में संतुलन बिगड़ जाने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। इन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉ. मोहित ने बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोटें आईं थी। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। इस कारण से वह शव को अपने घर ले गए। बेटे ने बताया कि मां का हृदय की बीमारी से ग्रस्त थी। इसका इलाज छानी गांव में वैद्य के यहां चल रहा था। पहले भी कई बार वैद्य के यहां जा चुकेे है।