श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के पवा गांव मेंं जहर खाने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पवा गांव निवासी वीरपाल राजपूत की पत्नी नीरजदेवी (30) ने बुधवार शाम जहर खा लिया था। अचेत अवस्था में परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां देर रात इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस और मायके पक्ष के लोगों को दी गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता रामेश्वर राजपूत निवासी गोपालपुरा चरखारी ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी पवा निवासी वीरपाल से दस साल पहले की थी। बेटी के संतान न होने पर ससुरालीजन आएदिन प्रताड़ित करते थे। संतान न होने का ताना दिए जाने से बेटी परेशान रहती थी। आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने उसकी बेटी को जबरन जहर खिलाकर मार डाला। पिता ने घटना की तहरीर थाने में दी है। थानाध्यक्ष जयचंद्र सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।