- एक में शूटर बेनकाब नहीं, दूसरे में नामजद आरोपी गिरफ्तार नहीं
- राजू हत्याकांड में सात दिन बाद भी हत्या की वजह बनी पहेली
- इटैलियाबाजा में नामजद आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
सरीला (हमीरपुर)। जिले में दो अलग-अलग हत्याकांडों में पुलिस की जांच जारी है, लेकिन अब तक किसी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। शहर के कालपी चौराहे पर फल विक्रेता राजकुमार निषाद उर्फ राजू की हत्या के सात दिन बाद भी शूटर की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, जरिया थाना क्षेत्र के इटैलियाबाजा गांव में संजय उर्फ संजू की हत्या के मामले में नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। एक मामले में पुलिस शूटर की तलाश में सुराग खंगाल रही है, तो दूसरे में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई है।
कालपी चौराहे पर 16 अक्टूबर की शाम फल का ठेला लगाए राजू उर्फ पप्पू को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया, जहां 18 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। घटना से कुछ समय पहले राजू के ठेले के पास से चार युवक गुजरते दिखाई दिए थे। बाद में वे पास की एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पीते भी नजर आए। हालांकि, उनकी पहचान और घटना में भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इन फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक पांच-छह लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। घटना के समय राजू के ठेले पर केला लेने आए व्यक्ति से भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और लाइसेंसी शस्त्र धारकों के संबंध में भी पड़ताल की जा रही है। एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार सक्रिय हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीमें पूछताछ और जांच-पड़ताल कर रही हैं। इसके बावजूद अभी तक न शूटर का पता चला है और न ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकी है।
सिर में गोली लगने से उलझी जांच, कई बिंदुओं पर पड़ताल
गोली लगने की जगह को देखते हुए पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि गोली किस दिशा से चलाई गई थी। क्या हमलावर ने राजू को ही निशाना बनाया था या किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाते समय गोली उसे लग गई। क्या गोली किसी ऊंचे स्थान से चलाई गई थी। फिलहाल ये जांच के संभावित पहलू हैं, जिनकी पुष्टि होना बाकी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।
परिवार को सता रही सुरक्षा की चिंता
राजू के बेटे सतेंद्र ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका कहना है कि पिता की हत्या का खुलासा न होने से परिवार भयभीत है। परिजन चाहते हैं कि पुलिस जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करे और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इटैलियाबाजा में नामजद आरोपी अब तक फरार
उधर, जरिया थाना क्षेत्र के इटैलियाबाजा गांव में 19 अक्टूबर की रात मुंडन संस्कार के दौरान संजय उर्फ संजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव के बाहर मनख्याऊ मंदिर के पास आयोजित भंडारे के दौरान हुई इस घटना में मृतक के पिता मूरतध्वज की शिकायत पर गांव के ही अमरकांत पुत्र श्रीकृष्ण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के चार दिन बाद भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपी के फरार रहने से मृतक के परिजन भयभीत हैं।
वर्जन
राजू हत्याकांड में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। - यशपाल सिंह, सीओ सदर
-
वर्जन
आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। वह जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। - मनोज कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष जरिया