फोटो 23 एचएएमपी 01- मुस्करा मंडी में गेहूं से लदे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली। संवाद
- फोटो : 1
मुस्करा (हमीरपुर)। गेहूं खरीद में व्यापारियों द्वारा नीलामी डाक बंद करने से नाराज किसानों ने गुरुवार को नवीन गल्ला मंडी मुस्करा के बाहर झांसी-मिर्जापुर हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया।
कस्बा स्थित नवीन गल्ला मंडी में दो दिन से गेहूं खरीद पर व्यापारी नीलामी डाक बोलकर किसानों का अनाज 2450 से 2480 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीद रहे थे जिससे किसान खुश थे। गुरुवार को मंडी में सैकड़ों किसानों के ट्रैक्टर लाइन लगाकर खड़े हो गए लेकिन व्यापारियों ने डाक बोलने से इन्कार कर दिया और अपनी दुकानों पर तय रेट पर खरीद की बात कही। इससे भड़के किसानों ने मंडी गेट के बाहर ट्रैक्टर आड़े-तिरछे खड़े कर हाईवे जाम कर दिया। जिससे करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
सरीला के किसान बरदानी, कंधौली के राजकुमार समेत दर्जनों किसानों ने बताया कि फसल के ऊंचे दाम मिलने के कारण वह लोग मुस्करा मंडी पहुंचे थे। डाक नीलामी बंद होने पर किसानों ने मंडी सचिव राघवेंद्र चतुर्वेदी से शिकायत की इस पर उन्होंने व्यापारियों को डाक नीलामी बोलने को कहा लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इससे नाराज किसानों ने मंडी का गेट बंद कर प्रदर्शन करने की कोशिश की तो आरोप है कि मंडी सचिव ने गेट बंद करने से मना कर सड़क जाम करने की सलाह दी। इस मामले में मंडी सचिव ने कुछ बोलने से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों को शांत कर जाम खुलवा दिया गया है। पुलिस मौके पर तैनात है और लिखित शिकायत पर कार्रवाई होगी।
फोटो 23 एचएएमपी 01- मुस्करा मंडी में गेहूं से लदे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली। संवाद- फोटो : 1