फोटो 23 एमएएचपी 40 परिचय-खुशी जतातीं हाईस्कूल की टॉप-टेन सूची में जगह बनाने वालीं दो सगी बहनें
- फोटो : 1
बेलताल/महोबा। मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो हर मंजिल आसान हो जाती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है दो सगी बहनों ने। पिता का साथ छूटा, आर्थिक स्थिति कमजोर थी लेकिन फिर भी कस्बा जैतपुर की दो सगी बहनों ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में कमाल कर दिया। एक बहन निधि कुशवाहा को जनपद की टॉप-टेन सूची में पांचवां जबकि दूसरी बहन प्रज्ञा कुशवाहा को सातवां स्थान हासिल हुआ।
कस्बा जैतपुर के मोहल्ला बजरिया निवासी निधि व प्रज्ञा सगी बहनें हैं। उनके पिता गुलाब कुशवाहा का वर्ष 2016 में निधन हो गया था। इससे परिवार आर्थिक संकट में आ गया। निधि की पढ़ाई देरी से शुरू हुई। इससे निधि और उसकी बहन प्रज्ञा एक ही कक्षा में पढ़ती रहीं। उनकी मां रामलली ने मजदूरी कर बच्चों की पढ़ाई कराई जबकि चाचा ने भी सहयोग किया। दोनों बहने राजकीय इंटर कॉलेज जैतपुर की छात्रा हैं। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में निधि ने 600 में से 563 अंक हासिल कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया। निधि ने बताया उसका सपना आईएएस बनने का है। उसने विद्यालय के अलावा घर पर भी प्रतिदिन छह से सात घंटे पढ़ाई की। बताया कि वह अपनी बहन के साथ ग्रुप स्टडी करती थीं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय परिजनों व गुरुजनों को दिया है। वहीं उसकी बहन प्रज्ञा ने 600 में से 561 अंक हासिल कर हाईस्कूल में जिले में सातवां स्थान हासिल किया है।