राठ। वाटर पार्क के स्वीमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत मामले में पॉलिटेक्निक के छात्रों में आक्रोश है। वाटर पार्क के मालिक व कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए छात्र कोतवाली पहुंच गए।
नगर के खुशीपुरा मोहल्ला निवासी रीतेश कोष्टा उर्फ ईशू (18) अपने दोस्तों अभय, मोहित व आदित्य के साथ बुधवार को उरई रोड स्थित एक वाटर पार्क के स्वीमिंग पूल में नहाने गए थे। जहां पानी में डूबने से रीतेश की मौत हो गई थी। मृतक के पिता पार्क संचालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार को एकजुट हुए कालेज के छात्र कोतवाली पहुंच गए। कोतवाल को शिकायती पत्र देते हुए वाटर पार्क के मालिक व कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप लगाया रीतेश को पूल से निकालने व अस्पताल पहुंचाने में कोई मदद नहीं की गई। कोतवाल ने जांच व निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।